उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन पहुंचने से पहले जुगसलाई आउटर सिग्नल और रेलवे अंडरब्रिज के पास मेमू ट्रेनों के बार-बार रुकने से यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है. चक्रधरपुर-राउरकेला समेत अन्य रूटों की मेमू सेवाएं अक्सर इसी समस्या के कारण निर्धारित समय से देरी से टाटानगर पहुंच रही हैं.
मंगलवार दोपहर भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब एक मेमू ट्रेन जुगसलाई स्थित रेलवे अंडरब्रिज के ऊपर करीब 30 मिनट तक खड़ी रही. अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई. कई यात्री खिड़कियों और दरवाजों से बाहर झांकते नजर आए, लेकिन ट्रेन आगे बढ़ने का इंतजार करने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं था.
स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों के अनुसार, जुगसलाई आउटर और अंडरब्रिज के पास ट्रेनों का रुकना अब आम बात बन चुकी है. इससे दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
जानकारों का कहना है कि रेलवे अंडरब्रिज के ऊपर ट्रेन रुकने की स्थिति यात्रियों के लिए जोखिम भरी भी साबित हो सकती है. यदि किसी आपात स्थिति में यात्रियों को ट्रेन से उतरना पड़े तो वहां नीचे आने या सुरक्षित बाहर निकलने की कोई समुचित व्यवस्था मौजूद नहीं है. ऐसे में यात्री पूरी तरह ट्रेन के दोबारा चलने पर निर्भर रहते हैं.
यात्रियों ने रेल प्रशासन से आउटर सिग्नल और ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था में सुधार कर मेमू ट्रेनों के अनावश्यक ठहराव को कम करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके.


