उदित वाणी, जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार को चोरी की एक घटना सामने आई, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित महिला को उसका मोबाइल वापस मिल गया। अस्पताल में प्रतिदिन हजारों की संख्या में मरीज एवं उनके परिजनों का आना-जाना होता है। इसी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास करते हैं, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की सक्रियता से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई भी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दलकी गांव निवासी मुन्नी केराई अपने बेटे का जन्म प्रमाण पत्र लेने गलती से सातवें तल्ले पर पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने अपना मोबाइल खिड़की पर रखा और बच्चे को कपड़े पहनाने लगीं। कुछ ही क्षण में मोबाइल गायब हो गया। घटना से परेशान महिला ने तुरंत ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड जवानों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही होमगार्ड प्रभारी दिग्विजय पांडेय एवं पंकज झा सक्रिय हो गए। उन्होंने सातवें तल्ले पर छानबीन शुरू करते हुए गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी अलर्ट कर दिया।
सुरक्षाकर्मियों की तत्परता और जांच के दबाव में अज्ञात आरोपी मोबाइल को सातवें तल्ले के एक बाथरूम में छोड़कर फरार हो गया। बाद में मोबाइल बरामद कर पीड़ित महिला को सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर महिला ने राहत की सांस ली और होमगार्ड जवानों का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को भी अस्पताल के चौथे तल्ले से एक महिला का पर्स चोरी हो गया था। उसमें रखी करीब साढ़े तीन हजार रुपए की नकद राशि भी सुरक्षाकर्मियों की सक्रियता से बरामद कर पीड़िता को वापस दिलाई गई थी।


