उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर इलाके में रविवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित जुआ अड्डे पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में छह युवकों समेत दो युवतियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामनगर के एक मकान में लंबे समय से जुआ का खेल संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही जमशेदपुर एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात अचानक भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने संदिग्ध ठिकाने को चारों ओर से घेर लिया और अंदर मौजूद लोगों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री और नकदी मिलने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जुआ अड्डे का संचालन कौन कर रहा था और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है। मामले में जल्द ही विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


