उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में लगातार बढ़ रही गर्मी अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। गुरुवार को मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित ब्लू बेल्स स्कूल के समीप एक मजदूर की संदिग्ध हालत में मौत हो गयी। आशंका जतायी जा रही है कि तेज धूप और लू की चपेट में आने से उसकी जान चली गयी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब एक बजे मजदूर सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसे चक्कर आया और वह सड़क पर गिर पड़ा। भीषण गर्मी के कारण उसकी हालत तेजी से बिगड़ गयी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना मानगो थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो पायी थी। बाद में परिजनों ने उसकी पहचान कपाली आशा डूंगरी निवासी कुश्ती मुखी (30) के रूप में की।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और लू को लेकर प्रशासन ने लोगों से दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।


