उदित वाणी, जमशेदपुर : जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने शनिवार शाम करीब सवा पांच बजे जिला प्रशासन की टीम डिमना स्थित अस्पताल पहुंची. करीब ढाई घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी सेवा एवं कार्यालयों का घूम-घूम कर निरीक्षण किया.
उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर पहुंचे निरीक्षण दल में एडीएम, एसडीएम, सिविल सर्जन, एसीएमओ समेत कई प्रशिक्षु उप समाहर्ता शामिल थे. टीम ने अस्पताल में कई जगहों पर एसी बंद रहने, पेयजल संकट, मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के बाद एसडीएम अर्णव मिश्रा ने बताया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि अस्पताल में डब्ल्यूटीपी (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) का कार्य अब तक पूरा नहीं होने के कारण सेंट्रलाइज एसी सिस्टम के चिलर में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है. इससे एक ओर सफाई होने के बाद दूसरी ओर गंदगी जमा हो जाती है, जिसके चलते सभी जगहों पर एसी सुचारू रूप से काम नहीं कर पा रहा है. उन्होंने कहा कि चिलर में साफ पानी की आपूर्ति शुरू होने के बाद एसी की समस्या दूर हो जाएगी. साथ ही अस्पताल में पेयजल की समस्या के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश भी दिया गया है.
मौके पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार समेत कई विभागाध्यक्ष एवं अस्पताल के अधिकारी मौजूद थे.


