
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के पूर्वी घाघडीह पंचायत स्थित मां तारानी कॉलोनी (रोड नंबर-2) में चोरों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। गौरांग मंडल के बंद घर को निशाना बनाते हुए चोर छत का टीन काटकर भीतर घुसे और करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय पूरा परिवार घाटशिला के सुरदा गांव में श्राद्ध कर्म के लिए गया हुआ था।
बताया जाता है कि गौरांग मंडल के पिता का हाल ही में निधन हुआ था, जिसके बाद परिवार अंतिम संस्कार और श्राद्ध की रस्मों में शामिल होने गांव चला गया था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाया और इत्मीनान से घर के हर हिस्से को खंगाल डाला।
परिजनों के मुताबिक, चोरों ने अलमारी, लॉकर, पलंग और सोफे तक तोड़ डाले। घर में रखे 1.5 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन और भगवान की चांदी की मूर्ति तक चोरी कर ली गई। इतना ही नहीं, घर से चल रहे कपड़ों के व्यवसाय को भी निशाना बनाया गया, जहां से महंगी साड़ियां और नए जींस पैंट के कई डिब्बे गायब मिले।
घटना का पता तब चला जब परिवार लौटा और दरवाजा अंदर से बंद मिला। छत के रास्ते अंदर जाने पर पूरे घर में बिखराव दिखा। घटना के बाद इलाके में रोष है और लोग पुलिस गश्ती पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

