
उदित वाणी, जमशेदपुर : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आई एम ए) के एक प्रतिनिधिमंडल ने जनरल सर्जन डॉ. अशरफ बदर और वरिष्ठ एनेस्थेटिस्ट डॉ. अजय प्रसाद के खिलाफ दर्ज मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की. इस दौरान चिकित्सकों ने पूरे मामले पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की.
प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को अवगत कराया कि मेडिकल पेशे से जुड़े मामलों में कई बार चिकित्सकों को अनावश्यक कानूनी दबाव और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है, जिससे उनके कार्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है. उन्होंने आग्रह किया कि इस प्रकरण में कानून के दायरे में रहकर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए.
इस पर एसएसपी पीयूष पांडेय ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय किए गए दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेडिको-लीगल मामलों में जांच प्रक्रिया पारदर्शी और विधिसम्मत होगी तथा किसी भी चिकित्सक के साथ बेवजह सख्ती या उत्पीड़न नहीं किया जाएगा.
बैठक में आई एम के अध्यक्ष डॉ. जीसी माझी, सचिव डॉ. सौरभ चौधरी, उपाध्यक्ष डॉ. देवेश बहादुर, संयुक्त सचिव डॉ. सुरेश चौबे समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे. प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी के आश्वासन पर संतोष जताया और निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद व्यक्त की.
