
जमशेदपुरः मानगो में एनएच 33 पर दो सड़कों के बीच क्रॉसिंग नहीं रहने के कारण लोगों को काफी समस्या हो रही है। इसे लेकर आज लोगों ने अपनाराजगी जतायी। लोगों का कहना है कि पारडीह से लेकर डिमना चौक के बीच समता नगर और कुमरूम बस्ती के सामने रोड पर क्रॉसिंग नहीं रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों ने मामले की जानकारी भाजपा नेता विकास सिंह को देकर समस्या के समाधान की दिशा में प्रयास का आग्रह किया।
लोगों का कहना है कि पारडीह से लेकर डिमना चौक के बीच एनएच-33 का निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो गया है। यहां सहारा सिटी के सामने और उसके बाद मारुति शोरूम के आगे आधे किलोमीटर के बाद ही एनएचएआई के द्वारा क्रॉसिंग दी गई है, जिससे कुमरूम बस्ती और समता नगर के लोगों को आधा किलोमीटर घूम कर आना-जाना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
किराए के वाहन आदि से सफर करने वाले लोगों को आधा किलोमीटर पैदल जा कर दूसरी छोर पर खड़ा रहना पड़ता है। परेशान लोगों ने मामले की शिकायत भाजपा नेता विकास सिंह से की। मौके पर पहुंचे विकास सिंह ने एनएचएआई के लोगों से दूरभाष पर बात कर समस्या से अवगत कराते हुए जल्द से जल्द क्रॉसिंग का निर्माण कराने को कहा। विकास सिंह ने कहा कि अगर जल्द क्रॉसिंग नहीं बना तो स्थानीय लोगों के साथ एनएचएआई के कार्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान संदीप शर्मा, गोपाल यादव, राहुल बेसरा, पंकज महतो, नुनू महतो, अशोक कुमार, रवि सोरेन, अजय कुमार, सुरेश कुमार, अशोक सिंह, मनोरंजन महतो, जितेंद्र सिंह, शंभू ठाकुर सहित अन्य उपस्थित थे।

