
उदित वाणी, जमशेदपुर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), जुगसलाई सह गोलमुरी में एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन अभियान का भव्य उद्घाटन किया गया. इस विशेष टीकाकरण अभियान का उद्देश्य किशोरियों को भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखना है. कार्यक्रम के दौरान अस्पताल प्रबंधन द्वारा उपस्थित अतिथियों को शॉल एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया.
संयुक्त रूप से हुआ अभियान का शुभारंभ
इस टीकाकरण अभियान का उद्घाटन मुख्य अतिथि जुगसलाई नगर परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना दुबे, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, झारखंड गुरुद्वारा प्रबंधक के अध्यक्ष सरदार शैलेन्द्र सिंह, प्रखण्ड प्रमुख पानी सोरेन, बड़े लाल दुबे, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोईज अख्तर अंसारी, प्रखण्ड लेखा प्रबंधक श्यामा प्रसाद महापात्र और सैल्यूट तिरंगा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रवि शंकर तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया.
कैंसर से बचाव के लिए अनिवार्य है यह वैक्सीन
जिले के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने वैक्सीन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह टीकाकरण 14 से 15 वर्ष की बच्चियों के लिए अत्यंत आवश्यक है. यह वैक्सीन उन्हें ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों से बचाने में प्रभावी भूमिका निभाती है.
विद्यालयों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
जुगसलाई नगर परिषद की उपाध्यक्ष अर्चना दुबे ने स्वास्थ्य विभाग को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विशेष अभियान चलाकर छात्राओं को इस वैक्सीन के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि इस आयु वर्ग की अधिक से अधिक बच्चियां लाभान्वित हो सकें और गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रहें.
गरीब परिवारों की बच्चियों को मिलेगा सीधा लाभ
झारखंड गुरुद्वारा प्रबंधक के अध्यक्ष सरदार शैलेन्द्र सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान से विशेषकर उन गरीब बच्चियों को लाभ मिलेगा जो निजी अस्पतालों में महंगे वैक्सीनेशन का खर्च वहन करने में असमर्थ हैं. सरकारी केंद्र पर यह सुविधा उपलब्ध होने से अब सभी वर्गों की बच्चियां सुरक्षित हो सकेंगी.

