
उदित वाणी, चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पीपलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार मुर्मू ने दीप प्रज्वलित कर किया।
अभियान की जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को दी जाएगी। विशेष रूप से उन बालिकाओं को यह टीका लगाया जाएगा, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है।
उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल (बच्चेदानी) कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी है। इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को समय रहते इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है।
तीन माह तक चलेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह टीकाकरण अभियान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाकुलिया में लगातार तीन महीने—अप्रैल, मई और जून—तक चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किशोरियों को इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में कई स्वास्थ्यकर्मी रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सतीश कुमार वर्मा, डाटा एंट्री ऑपरेटर उत्पल शीट सहित स्वास्थ्यकर्मी विकाश साव, मंजू कुमारी, मंजू रानी मुंडा, प्रेमशिला मुर्मू और अनिमा महतो उपस्थित रहे।

