उदित वाणी, जमशेदपुर : हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस के परिचालन में बुधवार को रेलवे ने आंशिक बदलाव करते हुए इसकी दूरी कम कर दी। नए निर्णय के अनुसार अब यह ट्रेन बड़बिल तक नहीं जाएगी, बल्कि बड़ाजामदा स्टेशन से ही निर्धारित समय पर हावड़ा के लिए प्रस्थान करेगी। रेलवे के इस फैसले से बड़बिल, नोवामुंडी और चाईबासा सहित आसपास के स्टेशनों के यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
जानकारी के मुताबिक, जनशताब्दी एक्सप्रेस अक्सर देरी से चलने के कारण परिचालन में दिक्कतें आती थीं। कई मौकों पर ट्रेन को टाटानगर स्टेशन से ही रद्द करना पड़ता था, जिससे आगे के स्टेशनों के यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती थी। इसी को देखते हुए फिलहाल इसकी दूरी घटाने का निर्णय लिया गया है।
इधर टाटानगर स्टेशन पर भी ट्रेनों की लेटलतीफी जारी रही। बुधवार को बिहार, दिल्ली, मुंबई और अन्य मार्गों से आने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। इससे यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा।


