
उदित वाणी, रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पुलिस महानिदेशक (गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा) एम० एस० भाटिया ने शिष्टाचार भेंट की.इस अवसर पर ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के शुभारंभ के प्रतीक के रूप में डीजी एम० एस० भाटिया ने मुख्यमंत्री को पिन बैज लगाया।
जागरूकता अभियान की सराहना
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पूरे राज्य को ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ की शुभकामनाएं दीं.उन्होंने कहा कि इस विशेष सप्ताह के तहत राज्य भर में अग्नि सुरक्षा (Fire Safety) के प्रति आम जनमानस को जागरूक करना एक सराहनीय कदम है.मुख्यमंत्री ने विभाग को निर्देश दिया कि वे सुरक्षा मानकों के प्रति लोगों को अधिक से अधिक शिक्षित करें ताकि आग जैसी आपदाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

जवानों के समर्पण को मुख्यमंत्री का सलाम
अग्निशमन विभाग के कार्यों की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग के जवान अपनी जान की परवाह किए बिना विपरीत परिस्थितियों में लोगों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं.उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी आपदा के समय अग्निशमन सेवा कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक होती है.उनके साहस और अटूट सेवा भाव के कारण ही बड़े हादसों को टाला जा सकता है।
सुदृढ़ होगी अग्निशमन व्यवस्था
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य के विकास में सुरक्षा बुनियादी ढांचे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य सरकार अग्निशमन सेवा से जुड़े संसाधनों को निरंतर आधुनिक और मजबूत करने का प्रयास कर रही है.सरकार का लक्ष्य है कि विभाग को अत्याधुनिक उपकरणों और बेहतर प्रशिक्षण से लैस किया जाए ताकि वे किसी भी आपातकालीन स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।

