
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के बैनर तले पार्टी नेताओं ने असम के मुख्यमंत्री हिमांता बिस्वा शर्मा के खिलाफ कड़ी आपत्ति जताते हुए साकची थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि असम सीएम द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के खिलाफ अमर्यादित और स्तरहीन भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है.
परविंदर सिंह ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी न केवल राजनीतिक शिष्टाचार को ठेस पहुंचाती है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. वहीं कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा के कई नेता अक्सर विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, जिस पर अब सख्ती जरूरी हो गई है.
प्रतिनिधिमंडल में कई वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने एकजुट होकर इस मुद्दे पर कार्रवाई की मांग दोहराई. कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आगे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होगी.
इधर, आवेदन मिलने के बाद साकची थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी विशेषज्ञों से राय लेना शुरू कर दिया है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

