
उदित वाणी,जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टिनप्लेट मस्जिद के पास दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का मामला अब कानूनी रूप ले चुका है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। खास बात यह है कि दोनों पक्षों द्वारा घटना का समय और परिस्थितियां अलग-अलग बताई गई हैं, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।
पहले पक्ष की ओर से टिनप्लेट नीम रोड निवासी मो. सोहेल खान ने शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, 17 मार्च की शाम करीब 4:45 बजे मस्जिद के पास आफताब आलम और हदिसुल्लाह ने उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनके पास से घड़ी और नकदी भी छीन ली।
वहीं, दूसरे पक्ष से आफताब आलम ने भी थाना में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 17 मार्च की आधी रात को सोहेल खान और जोहेब खान ने उनके साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन व पर्स छीन लिया।
दोनों पक्षों के विरोधाभासी बयानों के कारण पुलिस के सामने सच्चाई तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो गया है। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर मामले की जांच कर रही है, ताकि वास्तविक दोषियों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जा सके।

