
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. बुधवार देर रात चोरों ने सुंदरनगर थाना से महज 30 मीटर की दूरी पर स्थित तीन दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी. इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भय और आक्रोश का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, आधी रात के बीच चोरों ने राजू की पान दुकान का ताला काटकर गुटका, तंबाकू और अन्य सामान समेत करीब 15 हजार रुपये की चोरी कर ली. संदेह होने पर आसपास के लोगों ने एक आरोपी को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जा रहा है कि चोर ताला काटने के लिए कटर का इस्तेमाल कर रहे थे.
इसके बाद चोरों ने शिव मंदिर के पास स्थित उत्तम मैती की राशन दुकान का ताला भी तोड़ा, हालांकि वे दुकान के भीतर प्रवेश नहीं कर सके. दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध मास्क पहने नजर आए हैं. वहीं, पास में ही स्थित योगेश की पूजा दुकान का भी ताला तोड़ा गया, लेकिन अंदर धार्मिक सामग्री देखकर चोर बिना कुछ लिए लौट गए.
घटना रात 12 बजे से 1:30 बजे के बीच की बताई जा रही है. हैरानी की बात यह है कि थाना इतनी नजदीक होने के बावजूद पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई बार चोरी हो चुकी है.
पीड़ित दुकानदार अब मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से करने की तैयारी में हैं. वहीं पुलिस की देरी से कार्रवाई भी सवालों के घेरे में है, क्योंकि कुछ मामलों में जांच टीम देर सुबह मौके पर पहुंची.
