
उदित वाणी, जमशेदपुर : कैथोलिक ईसाई समुदाय ने बुधवार शाम को श्रद्धा के साथ ऑल सोल्स डे मनाया. शहर के बेल्डीह कब्रिस्तान के अलावा बाबूडीह और जसकन्डीह कब्रिस्तान परसुडीह में भी बड़ी संख्या में लोगों ने अपने पुरखों और मृत परिजनों के कब्र पर फूल, माला चढ़ा कर तथा कैंडल जला कर विशेष प्रार्थना की.
इस दौरान फादर ने कहा कि प्रभु हम पर दया करो, हम पर दया करो. आत्मा की शुद्धिकरण के लिए विशेष प्रार्थना की और अनंत जीवन प्राप्ति की कामना की. इसके बाद कैथोलिक गिरजाघरों में भी विशेष मिस्सा का आयोजन किया गया. खास तौर पर संत जोसेफ कैथड्रेल, संत मेरीज चर्च बिष्टुपुर, संत रोबर्ट चर्च परसुडीह और संत अंथोनी चर्च मानगो में कब्र की आराधना के बाद विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी.
दो वर्ष कोरोना की विभिषिका के बाद इस अवसर पर कब्रों पर पवित्र जल का छिडक़ाव कर दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई. पेरिस प्रीस्ट ने कहा हमें विपदा के समय धैर्य रखना चाहिए और प्रार्थना करते रहना चाहिए. हमारा विश्वास है सभी को अंतिम दिन न्याय मिलेगा.

इससे पूर्व कब्रगाहों की साफ-सफाई के साथ पिछली रात तक आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई थी. आज दोपहर से कब्रिस्तानों के बाहर मेले से माहौल था और कैंडल और फूल विक्रेताओं के साथ विविध मसीही प्रसाधानों के स्टॉल भी लगे थे.
ईस्टर में प्रोटेस्टेंट ईसाई याद करेंगे अपने परिजनों को
कैथोलिक ईसाइयों से इतर प्रोटेस्टेंट ईसाई ईस्टर के मौके पर अपने मृत परिजनों के कब्रों की साफ-सफाई करते हैं. यह आयोजन अगले वर्ष लेण्ट के बाद 9 अप्रैल को आयोजित होगा.

