
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक के पास सोमवार की दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुनका होंडा मोटरसाइकिल शोरूम के पास खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई. गाड़ी (संख्या JH 05 DJ 0907) के मालिक एच.के. अग्रवाल बताए जा रहे हैं, जो जुगसलाई के दुखु मार्केट के निवासी हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना से पहले शोरूम के पास सड़क किनारे कचरे के ढेर में आग लगी हुई थी. अचानक तेज हवा के कारण लपटें फैलकर पास में खड़ी कार तक पहुंच गईं. कुछ ही मिनटों में कार आग की लपटों में घिर गई. आसपास के लोगों ने तुरंत शोर मचाया और पानी व रेत डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई.
सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था और इंजन को भारी नुकसान पहुंचा. गनीमत रही कि कार में उस समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि कार में आग पास के कचरे से उठी लपटों के कारण लगी. पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
इस घटना से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. सभी ने नगर निगम प्रशासन से अपील की है कि सड़क किनारे कचरा जलाने पर रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों.

