
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के सड़कों पर तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर दहशत और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बाइकर्स के खिलाफ जिला पुलिस ने बुधवार को सख्त और प्रतीकात्मक कार्रवाई की। सिटी एसपी कुमार शिवाशिष के नेतृत्व में साकची में जब्त किए गए 170 अवैध साइलेंसरों पर सार्वजनिक रूप से बुलडोजर चलवाकर उन्हें नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ कर दिया कि शहर की शांति भंग करने वालों के लिए अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
पुलिस के अनुसार, बीते कुछ समय से रिहायशी इलाकों, अस्पतालों और शांत क्षेत्रों से तेज आवाज वाले साइलेंसरों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सिटी एसपी ने कहा कि जमशेदपुर एक शांत और व्यवस्थित शहर है, जहां कुछ लोग साइलेंसर मॉडिफाई कर स्टंटबाजी और असामाजिक व्यवहार प्रदर्शित कर रहे थे। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों, विशेषकर मरीजों और बुजुर्गों के लिए गंभीर परेशानी का कारण भी बन रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की हरकतें मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182 समेत अन्य प्रावधानों के तहत दंडनीय हैं। पुलिस न केवल ऐसे साइलेंसर जब्त कर रही है, बल्कि भारी जुर्माना भी वसूला जा रहा है। साथ ही, नियम तोड़ने वाले वाहनों को लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया में रखकर सख्त संदेश देने की रणनीति अपनाई जा रही है।
इस कार्रवाई के पीछे पिछले 15 दिनों से चल रहा विशेष अभियान है, जिसका नेतृत्व ट्रैफिक डीएसपी नीरज कर रहे थे। शहर के पांचों ट्रैफिक थानों की टीमों ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को चिन्हित किया और साइलेंसर जब्त किए।
इसके अलावा, ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस आधुनिक तकनीक का सहारा भी ले रही है। जाम की स्थिति से निपटने और बेहतर डायवर्जन सुनिश्चित करने के लिए गूगल मैप्स का उपयोग किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को सुगम और शांत यातायात व्यवस्था मिल सके।

