
पाकुड़: झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पाकुड़ जिले के हिरणपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अप्रैल में होने वाले SIR को लेकर दी जानकारी
बैठक के दौरान बाबूलाल मरांडी ने अप्रैल में होने वाले SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस प्रक्रिया के दौरान BHO (बूथ हेड ऑफिसर) के साथ समन्वय बनाकर सहयोग करें, ताकि प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
वोटर लिस्ट को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने कहा कि SIR को लेकर विपक्ष में अनावश्यक चिंता और खलबली देखी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को ऐसा लग रहा है कि उनके वोटरों के नाम हटाए जा सकते हैं।
डुप्लीकेट और अवैध नाम हटाने की बात
उन्होंने कहा कि कई ऐसे मतदाता हैं, जिनका नाम एक से अधिक स्थानों पर वोटर लिस्ट में दर्ज है। ऐसे मामलों में एक स्थान पर नाम को सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग अवैध रूप से वोटर सूची में शामिल हैं, उनके नाम हटाए जाने चाहिए।
बंगाल चुनाव को लेकर किया दावा
बैठक के दौरान बाबूलाल मरांडी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा भी किया।
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस बैठक में लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक दिनेश मरांडी सहित भाजपा के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

