
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में शुक्रवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की.
बैठक में सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह समेत जिला पदाधिकारी और मंडल अध्यक्षगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की सफलता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.
कार्यक्रमों की सफलता के लिए बनी रणनीति
नेताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते हुए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया. साथ ही मंडल अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.
सांसद विद्युत वरण महतो का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनमुद्दों और अभियानों को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से रणनीति के साथ सक्रिय होकर तैयारी में जुटने का आह्वान किया और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
पूर्णिमा ने नारी शक्ति की भूमिका को अहम बताया
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों में नारी शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी. उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से सक्रिय होकर तैयारी में भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि कार्यक्रमों की सफलता कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और मेहनत पर निर्भर करेगी.
संगठनात्मक मजबूती पर फोकस
महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने संगठनात्मक दृष्टिकोण से कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक मंडल, बूथ और कार्यकर्ता की भूमिका कार्यक्रमों की सफलता में निर्णायक होगी.
संचालन व धन्यवाद
बैठक का मंच संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष पोरेश मुखी ने किया.
बैठक में बबुआ सिंह, राजीव सिंह, रेणु शर्मा, संजीव सिंह, जितेंद्र राय, पप्पू सिंह, विजय तिवारी, कृष्णा शर्मा काली, सुबोध झा, प्रेम झा, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, संजीत चौरसिया, अमित सिंह, नवल किशोर पासवान, नीतीश कुशवाहा, मुचिराम बाउरी, नीलु मछुआ, मंजीत सिंह सहित सभी मंडलों के अध्यक्षगण उपस्थित रहे.

