
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में स्थित जमशेदपुर हाई स्कूल के समीप संचालित बजरंगी चाय दुकान की संचालिका मेंहदी कुमारी पर हुए हमले के छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई अधूरी नजर आ रही है। अब तक इस मामले में सिर्फ एक आरोपी को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सका है, जबकि मुख्य आरोपी सन्नी मिश्रा, प्रेम कुमार सहित अन्य अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
घटना के बाद से ही शहर में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग लगातार मेंहदी कुमारी को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं और पुलिस की धीमी कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। पीड़िता के भाई अंकित कुमार ने बताया कि पुलिस केवल आश्वासन दे रही है कि आरोपियों की तलाश जारी है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही।
अंकित के अनुसार, तीन दिन पहले बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने जानकारी दी थी कि एक आरोपी बेगूसराय में छिपा हुआ है, बावजूद इसके अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वहीं, घटना में प्रयुक्त वाहन भी अब तक जब्त नहीं किया जा सका है, जिससे पुलिस की तत्परता पर संदेह गहराता जा रहा है।
गौरतलब है कि 6 अप्रैल की रात कुछ युवकों ने चाय दुकान पर हंगामा किया और विवाद के दौरान मेंहदी कुमारी पर गरम चाय फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। इस मामले में अंकित कुमार ने अभय तिवारी, सन्नी मिश्रा, प्रेम कुमार समेत चार-पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शहरवासियों की नजर अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब सभी आरोपी गिरफ्त में आएंगे और पीड़िता को न्याय मिलेगा।

