
उदित वाणी, जमशेदपुर : बारीडीह हाई स्कूल को सीनियर सेकेंडरी (प्लस-टू) की आधिकारिक मान्यता मिल गई है। अब विद्यालय में उच्च माध्यमिक स्तर की पढ़ाई भी संभव हो सकेगी, जिससे छात्रों को अपने ही क्षेत्र में आगे की शिक्षा का अवसर मिलेगा।
इस उपलब्धि को विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और निरंतर प्रगति का प्रतीक माना जा रहा है।
इस अवसर पर स्कूल परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानाचार्या संगीता हालदार ने छात्रों और अभिभावकों को कला और वाणिज्य संकाय के अंतर्गत उपलब्ध विषयों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत छात्र अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विषयों का चयन कर सकते हैं, जिससे उनके कौशल और करियर को बेहतर दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में अभिभावकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों को लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा देना और उन्हें सामाजिक, सांस्कृतिक तथा व्यावसायिक क्षेत्रों के लिए तैयार करना है।
विद्यालय की यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए, बल्कि आसपास के क्षेत्र के छात्रों के लिए भी नए अवसरों के द्वार खोलने वाली साबित होगी।

