
उदित वाणी, जमशेदपुर : देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बुधवार को भाजपा द्वारा पोटका विधानसभा के हल्दीपोखर स्थित त्रिपाठी भवन में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा बतौर मुख्य वक्ता शामिल हुए. सम्मेलन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला गया तथा कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया.
मुख्य वक्ता अर्जुन मुंडा ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन एवं विचारों को याद करते हुए कहा कि अटल जी का समूचा जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक परंपराओं और सुशासन के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है. उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति को सेवा, संवेदना और संवाद का माध्यम बनाया तथा झारखंड अलग राज्य के गठन में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही.
अर्जुन मुंडा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने कठिन परिस्थितियों में भी देश को स्थिरता और आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर किया. पोखरण परमाणु परीक्षण, ग्राम सड़क योजना और स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी योजनाएं उनके दूरदर्शी नेतृत्व की मिसाल हैं. उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार आज भी राजनीति में शालीनता, सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और निःस्वार्थ राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं.
प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने सिद्धांतों और मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया. उन्होंने कहा कि अटल जी की विरासत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कुशलता से आगे बढ़ा रहे हैं और भारत को विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की ओर ले जा रहे हैं.
भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक प्रधान सेवक नहीं बल्कि संगठन के वैचारिक स्तंभ थे. जनसंघ से लेकर भाजपा के विस्तार तक उनकी भूमिका हमेशा मार्गदर्शक रही.
पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित किए. आज भाजपा संगठन उन्हीं के बताए मार्ग पर अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है.
सम्मेलन में स्वागत भाषण जिला महामंत्री अनिल मोदी ने दिया, संचालन जिला मंत्री मनोज राम ने किया और धन्यवाद ज्ञापन पोटका मंडल अध्यक्ष सुदीप डे ने प्रस्तुत किया.
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश हांसदा, पूर्व उपमहापौर अमित सिंह, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, सोनमुनि सरदार, बुलू रानी सरदार, चंद्रशेखर गुप्ता, खेलाराम बेसरा, दुखनी माई सरदार, पूर्व सिविल सर्जन डॉ. ए.के. लाल, जिला मंत्री जितेंद्र राय, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

