
उदित वाणी जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के बाहर वीआईपी लेन को स्टील बैरिकेटिंग से पूरी तरह बंद किए जाने और टाटानगर आने वाली ट्रेनों की लगातार देरी को लेकर आजसू पार्टी ने सोमवार को कड़ा विरोध जताया। जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन अधीक्षक को डीआरएम के नाम ज्ञापन सौंपकर इस व्यवस्था को जनविरोधी बताया और तत्काल सुधार की मांग उठाई।
वीआईपी लेन बंदी से बढ़ेगा आम जनता का बोझ
आजसू ने कहा कि वीआईपी लेन बंद होने से आम लोगों की गाड़ियां ड्रॉपिंग लेन में फंसेंगी और 10 मिनट से अधिक रुकने पर पार्किंग अनुबंध के अनुसार ₹500 का जुर्माना देना पड़ेगा। इससे आम यात्रियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
कन्हैया सिंह ने बताया कि वीआईपी आगमन की स्थिति में उनकी गाड़ी ड्रॉपिंग लेन में खड़ी रहेगी, जिससे सामान्य यात्रियों की गाड़ियाँ पीछे फंस जाएंगी। इस कारण एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और दिव्यांग वाहन सेवाएँ भी गंभीर रूप से प्रभावित होंगी।
ट्रेनों की देरी पर भी आपत्ति
आजसू ने टाटानगर स्टेशन पर गाड़ियों के घंटों लेट होने को भी बड़ा मुद्दा बनाया। पार्टी ने कहा कि चांडिल, चक्रधरपुर और घाटशिला तक ट्रेनें समय पर पहुंच रही हैं, लेकिन टाटानगर आते-आते 3–4 घंटे की देरी हो जा रही है। इससे यात्रियों को भारी दुश्वारियाँ झेलनी पड़ रही हैं।
रेलवे प्रशासन का जवाब
ज्ञापन मिलने पर स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को छोड़ किसी और को वीआईपी श्रेणी में नहीं रखा गया है। ऐसे लोगों के लिए निकास द्वार से प्रवेश की सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने यह भी माना कि आपातकालीन सेवाओं के लिए फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था तय नहीं की गई है और इस पर चर्चा जारी है।
आजसू का आंदोलन का अल्टीमेटम
पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि यह व्यवस्था जमशेदपुर की जनभावना के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीआरएम की कार्यशैली जनहित के विपरीत है।
जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे प्रबंधन ने वीआईपी लेन, स्टील बैरिकेटिंग और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर जल्द समाधान नहीं किया, तो उग्र आंदोलन और अनशन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में शामिल
कमलेश दुबे, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, प्रकाश विश्वकर्मा, कृतिवास मंडल, धीरज यादव, बबलू करुआ, मनोज महतो, ललन झा, मृत्युंजय सिंह, ललित सिंह, सुधीर सिंह, अरूप मल्लिक, कमलेश सिंह, सौरभ राहुल सिंह, मुन्ना यादव, संजय प्रसाद समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

