उदित वाणी,झारखंड: साउथ ईस्टर्न रेलवे के आद्रा मंडल में चल रहे विकास कार्यों का असर रेल यातायात पर साफ दिखने लगा है। यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक ट्रेनों के रद्द होने और रूट परिवर्तन जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने अग्रिम सूचना जारी कर यात्रियों से सहयोग की अपील की है।
जारी सूचना के अनुसार, आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू (68090/68089) तथा भोजूडीह-चंद्रपुर-भोजूडीह मेमू (68079/68080) को 7, 10 और 12 अप्रैल 2026 को रद्द रखा गया है। वहीं, आद्रा-भागा-आद्रा मेमू (68077/68078) 12 अप्रैल को नहीं चलेगी। इसके अलावा आद्रा-आसनसोल-आद्रा मेमू (68061/68062) को 6, 9 और 12 अप्रैल को निरस्त कर दिया गया है।
रेलवे ने यह भी बताया कि 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों 7, 8 और 11 अप्रैल 2026 को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन अब चांडिल, गुंडा बिहार और मुरी के रास्ते होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ये बदलाव ट्रैक मेंटेनेंस और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों के कारण किए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जांच अवश्य कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। रेलवे ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद भी व्यक्त किया है।


