
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर के पास रेलवे लाईन के किनारे लगातार खतरनाक तरीके से औद्योगिक कचड़ा जलाने की खबरें प्रकाशित होने के बाद प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की टीम सक्रिय हुई है. क्षेत्रीय पदाधिकारी अनिल कुमार सक्सेना के नेतृत्व में पर्षद की टीम ने आज उक्त स्थल का निरीक्षण किया, जहां खतरनाक तरीके से औद्योगिक कचड़ा जलाया जा रहा था.
निरीक्षण के दौरान टीम ने उक्त स्थान तथा वहां जलाए गए खतरनाक औद्योगिक कचड़े की फोटोग्राफी भी की. वहीं, टीम ने औद्योगिक कचड़ा जलाने वाली औद्योगिक इकाई के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने की बात भी कही. उल्लेखनीय है कि विद्युत नगर में रेलवे लाईन के पास खतरनाक तरीके से जलाए जा रहे औद्योगिक कचड़े की वजह से विद्युत नगर सहित आशियाना आदित्य में रहने वाले आम लोगों को काफी परेशानियों झेलनी पड़ रही थी. इस संबंध में आशियाना आदित्य रेसीडेंस वेलफेयर सोसायटी के द्वारा प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की गई थी.

