उदित वाणी, जमशेदपुर : पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत 3 जून 2026 को आदित्य इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जमशेदपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने इंडियन फॉरेस्ट ऑफिसर (IFS) सह डीसीएफ फील्ड डायरेक्टर एस.ए. अंसारी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान पर्यावरण सप्ताह के मद्देनजर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग (Rain water harvesting), सॉइल कंजर्वेशन (मृदा संरक्षण) एवं पर्यावरण संतुलन से जुड़े विभिन्न तकनीकी विषयों पर मुख्य रूप से चर्चा की गई।
तकनीकी पुस्तक ‘Management In Industrial Engg’ का हुआ लोकार्पण
इस खास अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डॉ. बी. कुमार द्वारा लिखित नई तकनीकी पुस्तक ‘Management In Industrial Engg’ का लोकार्पण मुख्य अतिथि पर्यावरण विशेषज्ञ एवं इंडियन फॉरेस्ट ऑफिसर एस.ए. अंसारी (IFS) के कार्यालय में संपन्न हुआ। प्रोफेसर डॉ. बी. कुमार ने अपनी इस नई पुस्तक में पर्यावरण संरक्षण और पर्यावरण कानून (Environment Protection laws) जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रकाशित किया है। पुस्तक का मुख्य उद्देश्य मैनेजमेंट और उद्योग के क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण व वन संरक्षण के नियमों को इस तरह लागू करना है ताकि पर्यावरण संतुलन और उद्योगों का विकास दोनों साथ-साथ चल सकें।
संस्थान के उपनिदेशक और छात्र रहे मौजूद, मुख्य अतिथि का हुआ सम्मान
विमोचन के इस गौरवपूर्ण अवसर पर संस्थान के उपनिदेशक सुजय कुमार के साथ-साथ छात्र अशोक प्रमाणिक, गणेश मंडली और अनुराग कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान संस्थान की ओर से मुख्य अतिथि आईएफएस एस.ए. अंसारी को अंगवस्त्र एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
छात्रों के लिए ई-बुक के रूप में उपलब्ध पुस्तक भी की गई भेंट
सम्मान समारोह के तत्पश्चात संस्थान द्वारा प्रकाशित एक अन्य तकनीकी पुस्तक ‘Manufacturing Process and Technology’ मुख्य अतिथि को भेंट स्वरूप दी गई। यह पुस्तक छात्रों के लिए गूगल और ई-बुक (E-book) के माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी पढ़ने के लिए उपलब्ध कराई गई है।


