उदित वाणी, जमशेदपुर : जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए उत्पाद विभाग ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है. सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर कदमा, सोनारी, पोटका और पटमदा थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब बरामद की गई, कई भट्ठियों को ध्वस्त किया गया तथा हजारों किलो जावा-महुआ नष्ट किया गया.
उत्पाद विभाग की टीम ने सबसे पहले कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्म नगर और जयप्रकाश नगर में अवैध शराब बिक्री के ठिकानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान 90 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई. मामले में शराब विक्रेताओं के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया.

इसी क्रम में सोनारी थाना क्षेत्र के निर्मल नगर में भी छापेमारी की गई, जहां से 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई. संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई करते हुए अभियोग दर्ज किया गया.
उत्पाद विभाग का अभियान यहीं नहीं रुका. मंगलवार को पोटका थाना क्षेत्र के पहाड़भांगा और रानीकुदर गांव के समीप नदी किनारे संचालित अवैध शराब भट्ठियों पर बड़ी कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान कुल छह अवैध चुलाई शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. टीम ने यहां से 180 लीटर अवैध शराब बरामद की, जबकि शराब निर्माण में प्रयुक्त लगभग 10 हजार किलोग्राम जावा-महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. सभी भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
बुधवार को पटमदा थाना क्षेत्र के बुढ़ीगोड़ा और आमदापहाड़ी में भी उत्पाद विभाग की टीम ने दबिश दी. यहां से करीब 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई तथा लगभग 1400 किलोग्राम जावा-महुआ नष्ट किया गया. हालांकि छापेमारी दल के पहुंचने की सूचना मिलते ही भट्ठी संचालक मौके से फरार हो गए. विभाग ने उनके खिलाफ भी उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.


