उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स हॉस्पिटल में तीन महीने के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नया प्रमुख मिल गया है. अस्पताल के अत्यंत लोकप्रिय व सीनियर चिकित्सक डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव को मेडिकल सर्विसेज का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है. प्रबंधन की ओर से 1 जून को जारी सर्कुलर में इसकी औपचारिक घोषणा की गई.
डॉ. संजय कुमार के फरवरी अंत में सेवानिवृत्त होने के बाद से यह पद खाली पड़ा था. डॉ. श्रीवास्तव जून 2002 में टाटा मोटर्स अस्पताल से जुड़े थे और पिछले 24 वर्षों से लगातार यहां सेवा दे रहे हैं. अपने उत्कृष्ट इलाज और मरीजों के प्रति बेहद संवेदनशील व्यवहार के कारण वे अस्पताल में अत्यधिक लोकप्रिय हैं. खासकर बुजुर्ग मरीज डॉ. श्रीवास्तव से इलाज कराने पर जोर देते हैं, क्योंकि वे मरीजों को मात्र रोगी नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य मानकर देखभाल करते हैं.
शिक्षा व अनुभव
डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव ने कोलकाता के सीएनएमसी (कोलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज) से एमबीबीएस तथा एमआरएस मेडिकल कॉलेज से एमडी (मेडिसिन) की डिग्री प्राप्त की है. इससे पहले वे टाटा मोटर्स अस्पताल के मेडिसिन विभाग के प्रमुख भी रह चुके हैं.
डॉ. श्रीवास्तव की नियुक्ति की खबर से न केवल अस्पताल के कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ी है, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों में भी उत्साह है. समाज के विभिन्न वर्गों की ओर से उन्हें बधाई दी जा रही है. पटेल समाज ने बुधवार को डॉ. श्रीवास्तव को विशेष रूप से बधाई दी.अस्पताल सूत्रों का कहना है कि डॉ. श्रीवास्तव के नेतृत्व में टाटा मोटर्स अस्पताल और बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं दे पाएगा.


