उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड (टीएसडीपीएल) इम्प्लाइज यूनियन की कमेटी मीटिंग में सदस्यों ने एक स्वर में प्रस्ताव पारित किया कि पिछले वेज रिवीजन समझौता में मिले लाभ 12300 रूपये से अधिक लाभ नहीं मिलने तक वेज रिवीजन समझौता नहीं करेंगे.
बुधवार को वेज रिवीजन समेत अन्य मुद्दों को लेकर यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने यूनियन की कमेटी मीटिंग बुलाई थी. कमेटी मीटिंग दिन के 12 बजे बिष्टुपुर स्थित उनके आवासीय यूनियन कार्यालय में हुई, जो करीब दो घंटे तक चली. मीटिंग में अध्यक्ष ने वेज रिवीजन समझौता में हो रही देरी पर चिंता जाहिर की.
महामंत्री त्रिदेव सिंह समेत अन्य सदस्यों ने पिछले वेज रिवीजन समझौता में मिले लाभ से कम पर किसी हाल में समझौता पर हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया. इसके बाद ईएसएस नहीं लेने वाले दो कर्मचारियों को फिर जमशेदपुर वापस लाने का मुद्दा उठा. सदस्यों ने दो टूक कहा कि दूसरे प्लांट भेजे गए सभी कर्मचारियों को वापस जमशेदपुर लाना होगा, अन्यथा किसी एक को वापस लाने का विरोध होगा.
अगर प्रबंधन ऐसा करता है तो उनको मजदूरों के आक्रोश को झेलना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी उनकी ही होगी. इसके अलावा अन्य कई मुद्दों पर चर्चा हुई. मीटिंग में शशि मिश्रा, कौशल, अमन जी, सच्चिदानंद सिन्हा, उपेंद्र राय समेत सभी पदाधिकारी और कमेटी मेंबर्स शामिल थे.

