
उदित वाणी, जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड के बर्दिनाथ अपार्टमेंट से एक 80 वर्षीय बुजुर्ग के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता व्यक्ति की पहचान एन. जगदीश्वर राव के रूप में हुई है, जो बीते तीन दिनों से घर नहीं लौटे हैं। इस संबंध में उनके पुत्र भीमराव नामगिरि ने थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
परिजनों के अनुसार, 22 मार्च की सुबह करीब 9 बजे राव घर से निकले थे। उन्होंने अपार्टमेंट के सिक्योरिटी गार्ड को घर की चाबी सौंपते हुए जल्द लौटने की बात कही थी। हालांकि, इसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं है। बेटे द्वारा दिनभर लगातार फोन करने के बावजूद उनसे संपर्क नहीं हो सका।
शाम को घर लौटने पर परिजनों को पूरी स्थिति की जानकारी मिली, जिसके बाद आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश शुरू की गई। कई प्रयासों के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तब पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
बताया जा रहा है कि राव घर से निकलते समय सफेद शर्ट, नीली पैंट और भूरे रंग की चप्पल पहने हुए थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

