
उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के दाइगुट्टू क्षेत्र में 23 नवंबर की रात हुए विवाद ने दो पक्षों को आमने-सामने ला खड़ा किया है। मानगो थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली शिकायत दाइगुट्टू की एक महिला ने दर्ज कराई है। उसके अनुसार घटना रात करीब 10 बजे की है, जब मदन साव ने उससे पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी भी की। महिला का कहना है कि घटना अचानक हुई और वह किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचीं। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मदन साव को आरोपी बनाते हुए छेड़खानी, गाली-गलौज और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
इधर, दूसरी ओर से दाइगुट्टू तेली लाइन रोड नंबर 5 निवासी मदन प्रसाद साहू ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उनकी शिकायत के अनुसार रात करीब 11 बजे सुरेंद्र उपाध्याय, मंतोष उपाध्याय, सुभाष उपाध्याय, गोलु उपाध्याय और राजा उपाध्याय ने मिलकर पहले उनके साथ गाली-गलौज की और इसके बाद सामूहिक रूप से मारपीट की। मदन साहू ने आरोप लगाया है कि सभी आरोपियों ने मिलकर उन्हें गंभीर रूप से धमकाया और जान से मारने की चेतावनी तक दी।
मानगो थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और घटना की हर बिंदु से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वर्तमान में मामले में किसी भी पक्ष से गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घटना की वास्तविक वजह क्या थी और किसकी गलती अधिक थी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण को संवेदनशील मानते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
