
उदित वाणी, रांची : पूरे देश के साथ-साथ बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची में भी इंडिगो के रद्द और लेट होने की वजह से हवाई यात्रियों के बीच लगातार तीसरे दिन भी हाहाकार मचा है. शनिवार को रांची एयरपोर्ट में यात्रियों ने इंडिगो के काउंटर पर जमकर हंगामा किया. यात्रियों का कहना था कि उन्हें पूर्व में कोई सूचना नहीं दी गयी कि विमान रद्द कर दिया गया है.
एयरपोर्ट आने पर भी डिस्प्ले बोर्ड पर विमान रद्द होने की सूचना नहीं दर्शायी गई. एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश करने और चेकिंग के दौरान बताया गया कि विमान रद्द कर दिया गया है. वहीं अन्य एयरलाइन्स द्वारा आपदा में अवसर तलाशने वाले कहावत को चरितार्थ करते हुए हवाई सफर के किराये में बेतहाशा वृध्दि कियो जाने को लेकर भी यात्रियों में काफी रोष है. गौरतलब है कि इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने या फिर विलंब होने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इंडिगो ने ऑपरेशनल परेशानियों की वजह से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 12 फ्लाइट रद्द कर दी. वहीं 6 विमानों ने कई घंटे की देरी से उड़ान भरी. इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा. इस दौरान कई यात्री छुट्टी खत्म होने, शादी समारोह में शामिल नहीं हो पाने, बच्चे की परीक्षा छूट जाने और अपने परिजनों के बीमार होने की बात करते हुए बदहवास की हालात में इधर-उधर दौड़ रहे हैं. दूसरी एयरलाइंस के काउंटर पर लोगों को टिकट 12 से 13 गुना अधिक रेट पर मिल रहा है.
रांची से कोलकाता का किराया जहां आम दिनों में 5 हजार रुपए है. अभी 55117 रुपए कर दिया गया है. वहीं रांची से मुंबई का किराया 48549 रुपए, पुणे का 47472 रुपए, अहमदाबाद का 47415 रुपए, चेन्नई का 43482 रुपए, पटना का 40662 रुपए, दिल्ली का 24999 रुपए, हैदराबाद का 43297 रुपए, बेंगलुरु का 53011 रुपए और भुवनेश्वर का 44284 रुपए कर दिया गया.

