उदित वाणी, सरायकेला: झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और मुखौटा नृत्य की वैश्विक पहचान ‘छऊ’ को समर्पित ‘राजकीय चैत्र पर्व-सह-छऊ महोत्सव 2026’ का भव्य आगाज़ आज यानी 11 अप्रैल से होने जा रहा है. तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. पर्यटन एवं कला-संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन ने भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम को इस ऐतिहासिक महोत्सव के लिए दुल्हन की तरह सजा दिया है.
मुख्यमंत्री करेंगे महोत्सव का श्रीगणेश
आज शाम 7:00 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधिवत दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन करेंगे. इस गरिमामयी समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री सुदिव्य कुमार और दीपक बिरूवा के साथ-साथ सांसद संजय सेठ और विधायक जोबा मांझी भी शामिल होकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाएंगे.
छऊ की थिरकन और लोक कलाओं का रेला
इस बार महोत्सव में न केवल सरायकेला शैली, बल्कि खरसावाँ और मानभूम शैली के छऊ नृत्य का भी अद्भुत प्रदर्शन होगा.
प्रतियोगिता का रोमांच: ग्रामीण छऊ दलों के बीच कड़ा मुकाबला होगा, जहां कलाकार अपने पारंपरिक मुखौटों और सधे हुए कदमों से जजों को प्रभावित करेंगे.
संगीत की महफिल: कल यानी 12 अप्रैल की शाम इस महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण होगी, जब मशहूर बॉलीवुड गायिका सोना मोहापात्रा अपनी जादुई आवाज से सरायकेला की फिजाओं में लोक और समकालीन संगीत का तड़का लगाएंगी.
धार्मिक अनुष्ठान के साथ शुरुआत
महोत्सव की शुरुआत पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ हुई. कलाकारों ने श्री श्री भैरव पीठ और माँ झुमकेश्वरी पीठ में माथा टेककर सफल आयोजन की कामना की. ‘वृन्दावनी घट’ की रस्म के साथ आज शाम से छऊ मंच जीवंत हो उठेगा.
आज का मुख्य कार्यक्रम (11 अप्रैल):
शाम 6:00 बजे: सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रारंभ और अतिथियों का स्वागत.
शाम 7:00 बजे: मुख्यमंत्री द्वारा विधिवत उद्घाटन और ‘यात्रा घट’ की प्रस्तुति.
विशेष: राजकीय छऊ नृत्य कला केन्द्र के कलाकारों द्वारा वाद्य यंत्रों की संगीतमय आराधना और ग्रामीण छऊ नृत्य दलों के बीच कांटे की टक्कर.
प्रशासन की अपील: महोत्सव के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. जिला प्रशासन ने कला प्रेमियों से अपील की है कि वे समय से स्टेडियम पहुँचकर इस सांस्कृतिक महाकुंभ का आनंद लें.
आगामी दो दिनों की कार्यक्रम रूपरेखा:
दूसरा दिन: 12 अप्रैल 2026 (गरियाभार घट)
मुख्य आकर्षण: बॉलीवुड की मशहूर गायिका सोना मोहापात्रा का लाइव कॉन्सर्ट.
सांस्कृतिक रंग: ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों का प्रदर्शन.
समय: शाम 6:00 बजे से स्थानीय एवं अंतर्राज्यीय कलाकारों द्वारा विविध लोक नृत्य.
तीसरा दिन: 13 अप्रैल 2026 (कालिका घट)
विशेष प्रदर्शन: ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता के विजेता (प्रथम स्थान) दलों की भव्य प्रस्तुति.
राजकीय सम्मान: राजकीय छऊ नृत्य कला केन्द्र के कलाकारों द्वारा विशेष समापन प्रस्तुति.
रात्रि जागरण: परंपरा के अनुसार पूरी रात छऊ नृत्य का आयोजन और महोत्सव का विधिवत समापन.


