
उदित वाणी, रांची: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि 11 अप्रैल को पार्टी के बैनर तले राज्य के 32 हजार गांवों से लोग रांची की धरती पर जनसैलाब बनकर उतरेंगे और जनता भ्रष्ट निकम्मी राज्य सरकार के वादों को याद दिलाने के लिए प्रोजेक्ट बिल्डिंग स्थित झारखंड मंत्रालय का घेराव करेगी.
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी कोर कमिटी की बैठक आयोजित की गई. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में दीपक प्रकाश ने बताया कि पार्टी द्वारा 11 अप्रैल को हेमंत सरकार से निजात मिले, चलो रांची, चलो रांची का आहवान किया गया है.
उन्होंने कहा कि कोर कमिटी की बैठक में राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन समेत पार्टी के सांगठनिक कार्यक्रमों पर भी कोर कमिटी में विस्तृत चर्चा की गई.
उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत, धारदार, सर्व व्यापी, सर्व स्पर्शी व सर्व समावेशी बनाने के साथ आगामी विभिन्न सांगठनिक कार्यक्रमों और 11अप्रैल को रांची में राज्य सरकार के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक जनांदोलन पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई.
प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चलने वाली झामुमो, कांग्रेस व राजद ठगबंधन की सरकार से जनता ऊब चुकी है. जबकि भाजपा राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति है.
उन्होंने कहा कि अब तो मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र व कार्य क्षेत्र में भी जनता सड़कों पर धरना देकर राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प व्यक्त कर रही है. उन्होंने कहा कि शनिवार को युवाओं द्वारा नियोजन नीति के खिलाफ ऐतिहासिक संथाल परगना बंद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनता का आक्रोश दिनों दिन राज्य सरकार के खिलाफ बढ़ता ही जा रहा है.
वहीं उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर घर घर झंडा लगाकर मनाया जायेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुना जायेगां.
इसके अलावा 14अप्रैल को डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह के समेत महान समाज सुधारक ज्योतिबा फूले की जयंती तथा सामाजिक समरसता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे. उन्होंने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट से राज्य की नकारात्मक छवि उजागर हुई है.
दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमिटी की बैठक में प्रदेश प्रभारी सांसद डा लक्ष्मीकांत बाजपेयी, पार्टी विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत सुनील कुमार सिंह, समीर उरांव, नीलकंठ सिंह मुंडा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी, रवींद्र कुमार राय व डॉ दिनेशानंद गोस्वामी शामिल थे.

