
उदित वाणी, जमशेदपुर: एक अप्रैल से सरकारी प्राथमिक एवं उच्च विद्यालयों में समय बदल जाएगा। ग्रीष्मकालीन समय के अनुसार सुबह सात से दोपहर एक बजे तक कक्षाओं का संचालन होगा। यह बदलाव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से किया गया है।
अभी सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक हो रहा है। यह समय परिवर्तन प्राथमिक एवं माध्यमिक दोनों में प्रभावी होगा। सरकारी के साथ ही कई निजी स्कूलों में भी एक अप्रैल से समय परिवर्तन होने जा रहा है। निजी स्कूलों का संचालन सुबह साढ़े छह बजे से होगा।
छात्रों के स्कूल आने और जाने का समय स्कूल अपनी सुविधानुसार दस से 15 मिनट आगे पीछे निर्धारित करेंगे। इन सबके बीच अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को पत्र देकर तापमान की तीव्रता को देखते हुए स्कूलों के संचालन में परिवर्तन करने की की मांग की थी।

