
उदित वाणी, आदित्यपुर : अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर क्रॉस इंडिया लिमिटेड और हमारी लाडो फाउंडेशन की ओर से पांच किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया. आदित्यपुर ऑटो कलस्टर से शुरु हुए इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय (जेबीएवी) की छठी कक्षा की लगभग 400 छात्राओं ने भाग लिया.
दौड़ के लिए एक घंटे की समय सीमा निर्धारित थीं, जिसे छात्राओं ने केवल आधे घंटे में पूर्ण कर अपने अदम्य ऊर्जा, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिचय दिया. बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक सशक्तिकरण का संदेश देने के उद्देश्य से यह दौड़ आहूत की गई थी तथा इसके लिए विगत दो महीनों से तैयारी चल रही थी, जिससे छात्राओं में उत्साह और आत्मबल चरम पर दिखा. वहीं, दौड़ के बाद आदित्यपुर ऑटो कलस्टर के सभागार में आहूत दूसरे सत्र के कार्यक्रम का शुभारंभ आगंतुक अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया.

समारोह में जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह मुख्य अतिथि तथा आदित्यपुर नगर निगम की उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा, क्रॉस इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुधीर राय, एशिया अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल तथा हमारी लाडो फाउंडेशन के संस्थापक प्रो. विनायक त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित थे. अपने संबोधन में प्रो. विनायक त्रिपाठी ने कहा कि लाडो फाउंडेशन ग्रामीण परिवेश की छात्राओं के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए सतत कार्य कर रहा है.
संस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राएं भी आईआईटी, आईआईएम और एक्सएलआरआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच सकें. उन्होंने क्रॉस इंडिया लिमिटेड और जिला प्रशासन को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया तथा अन्य औद्योगिक संस्थानों से भी इस दिशा में योगदान करने की अपील की. क्रॉस इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुधीर राय ने कहा कि उनकी कंपनी केवल ऑटो कंपोनेंट निर्माण में ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्वों को निभाने में भी अग्रणी है. उन्होंने कहा कि समाज और बालिकाओं के विकास से जुड़ी पहल में कंपनी आगे भी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी.
बालिकाओं का समग्र विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता: नीतीश कुमार सिंह जिला उपायुक्त उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाओं का समग्र विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक सशक्तिकरण हीं वास्तविक प्रगति का आधार है. उन्होंने बताया कि जिले में कस्तूरबा गांधी और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों की छात्राओं के लिए मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी हेतु विशेष कोचिंग की व्यवस्था की गई है.
उन्होंने कहा कि बच्चियां समाज की रीढ़ हैं और उन्हें हर अवसर का लाभ उठाकर अपने साथ-साथ समाज का भी उत्थान करना चाहिए. उपायुक्त ने लाडो फाउंडेशन और क्रॉस इंडिया लिमिटेड की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन बालिकाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और संकल्प की भावना को मजबूत करते हैं.
उन्होंने छात्राओं को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. वहीं, दौड़ कार्यक्रम के समापन के अवसर पर छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. साथ हीं दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर पुरस्कृत भी किया गया.

