
उदित वाणी, रांची : झारखंड की राजधानी रांची के हरिवंश टाना भगत खेलगांव में 6th झारखंड इमेजिंग एक्सपो का भव्य आयोजन शुरू हो गया है. झारखंड फोटोग्राफिक एसोसिएशन सेंट्रल (JPAC) की इमेजिंग एक्सपो कमेटी द्वारा आयोजित इस मेले में प्रदेश के 17 जिलों के फोटोग्राफर भारी संख्या में शिरकत कर रहे हैं.
दिग्गज अतिथियों ने किया दीप प्रज्वलित
एक्सपो का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड राज्य के पर्यटन एवं खेल मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू, झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव श्री सुप्रियो भट्टाचार्य और JSSPS के सीईओ श्री नवीन कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
इस अवसर पर JPAC के अध्यक्ष मिस्टर बापी घोषाल ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को और महासचिव श्री उपेंद्र कुमार ने श्री सुप्रियो भट्टाचार्य को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में उपाध्यक्ष शिवराम गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजेश रंजन, एक्सपो कमेटी के अध्यक्ष बिरजू कुमार सहित कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

वेडिंग फोटोग्राफी के लिए बड़ी खबर: पद्मश्री पैनल में शामिल
उद्घाटन समारोह में ऑल इंडिया फोटोग्राफिक फेडरेशन के श्री चितरंजन पात्रा, बिहार से ओम प्रकाश और पश्चिम बंगाल के लेजेंडरी फोटोग्राफर श्री राजू सुलतानिया सहित कई राष्ट्रीय स्तर के अतिथि पहुंचे. समारोह में एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई कि अब वेडिंग फोटोग्राफर को भी भारत सरकार के पद्मश्री सम्मान के पैनल में शामिल किया गया है, जो फोटोग्राफी जगत के लिए बड़े गर्व की बात है.
दुनिया की नामी कंपनियों का जमावड़ा
एक्सपो में एक ही छत के नीचे फोटोग्राफी व्यवसाय के अत्याधुनिक उपकरणों को प्रदर्शित किया गया है. इसमें सोनी, फ्यूजीफिल्म, पैनासोनिक, कैनन, कोडक, डिजीटेक, गोडॉक्स जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ-साथ एल्बम निर्माता, एलईडी कंपनियां और कैमरा एक्सेसरीज के स्टॉल लगाए गए हैं. कैमरा सर्विसिंग के लिए प्रसिद्ध संस्थान ‘ओम टेक’ भी यहां मौजूद है.
स्किल डेवलपमेंट और मनोरंजन: फैशन शो व कार्यशाला
फोटोग्राफरों के कौशल विकास के लिए फ्यूजीफिल्म के पूर्व मेंटर श्री अनूप गुआ द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया. साथ ही, शुभोजित घोषाल के नेतृत्व में एक शानदार फैशन शो का आयोजन हुआ, जिसमें ड्रीम ड्रेसेज कलेक्शन, आशु त्यागी, श्रेया, अंजील अंसारी, मेकअप आर्टिस्ट आकाश सिंह और कोरियोग्राफर वशीम आलम व बसन्त ने अपनी प्रतिभा दिखाई.
11 और 12 अप्रैल को भी जारी रहेगा मेला
आयोजकों ने बताया कि यह एक्सपो 11 और 12 अप्रैल को भी जारी रहेगा. इसमें फोटोग्राफी की नई बारीकियां सीखने और नई तकनीक से रूबरू होने का अवसर मिलेगा. JPAC ने राज्य भर के फोटोग्राफर बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस तकनीक का लाभ उठाने का आग्रह किया है.

