
उदित वाणी, जमशेदपुर: 116 शिव भक्तों का एक जत्था, श्री शिव शक्ति परिवार के प्रधान कैलाशी विजय कु शर्मा के नेतृत्व में पाकिस्तान स्थित श्री कटासराज महादेव के दर्शन के लिए रवाना हुआ. जत्थे का प्रस्थान टाटा-रांची होते हुए ट्रेन से अमृतसर के लिए किया गया. इस यात्रा में टाटानगर से 20 यात्री और देश के विभिन्न हिस्सों से कुल 116 यात्री शामिल हैं. जत्थे के साथ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के उद्घोष गूंज रहे हैं.
वाघा बॉर्डर से लाहौर के लिए यात्रा
यह जत्था 19 दिसंबर को अटारी से वाघा बॉर्डर होते हुए बस से लाहौर के लिए रवाना होगा. पाकिस्तान में विश्राम की व्यवस्था ई.टी.बी.पी. द्वारा की गई है. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य श्री कटासराज महादेव के दर्शन करना, अमृतकुण्ड में स्नान करना, और श्री राधाकृष्ण मंदिर तथा श्री वाल्मीकि मंदिर सहित महाभारत कालीन अन्य मंदिरों के दर्शन करना है.
वैदिक मंत्रों से रुद्राभिषेक पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम
इस यात्रा के दौरान आचार्य मदन गोपाल शुक्ला, महंत केशव दास त्यांगी और झारखंड प्रदेश के आचार्य दीवाकर पाण्डेय द्वारा वैदिक मंत्रों से रुद्राभिषेक पूजन संपन्न किया जाएगा. इसके अलावा, दीप प्रज्वलन, संभाषण, गायन, नृत्य, सम्मान और आतिशबाजी जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
यात्रा का आयोजन और समापन
श्री शिव शक्ति परिवार के दिल्ली निवासी कैलाशी रणवीर मणि, मुजफ्फरपुर के कैलाशी राजेश और राँची के कैलाशी अरविन्द सिंह ने इस यात्रा की जिम्मेदारी संभाली है. जत्था 27 दिसंबर को जम्मू टाटा एक्सप्रेस से सुबह 10 बजे टाटानगर वापस लौटेगा.

