
उदित वाणी, बोकारो : हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9ए, स्ट्रीट-5 स्थित झुग्गी इलाके में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को सन्नाटे में डुबो दिया. एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव आउटहाउस और कमरे में बरामद हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
मृतकों की पहचान कुंदन कुमार तिवारी, उनकी पत्नी रेखा कुमारी और दो वर्षीय पुत्र श्रेयांश कुमार के रूप में हुई है. कुंदन बिहार के बांका जिले का निवासी था. मकान मालिक की सूचना पर हरला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में संदेह जताया जा रहा है कि पहले मासूम बच्चे की हत्या की गई, उसके बाद दंपती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा.
मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब मृतका की मां जितनी देवी ने कर्ज के दबाव और धमकियों के गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि पैसे के लेन-देन के कारण उनकी बेटी-दामाद टूट गए. मकान मालिक ने बंधक बनाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कर्ज की बात तो स्वीकार की, लेकिन अन्य दावों से इनकार किया.
सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला कर्ज से जुड़ा लग रहा है. सभी साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

