
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक असर देखने को मिला. पोटका के हल्दीपोखर इलाके में एक अनियंत्रित हाईवा ने कार और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में कुल 6 लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाएं, एक बच्चा और स्कूटी सवार शामिल हैं.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा काफी तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ.
हादसे से गुस्साए लोगों ने टाटा-ओड़िशा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. आक्रोशित लोगों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी और घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग की.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई. फिलहाल पुलिस लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है, लेकिन इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

