
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह के चांदनी चौक क्षेत्र में मंगलवार को करिश्मा लेडीज़ टेलर नामक दुकान में उस समय हंगामा मच गया जब सिलाई सीखने आई एक युवती से टेलर ने मारपीट कर दी. जानकारी के अनुसार, पीड़िता पिछले कुछ दिनों से उक्त दुकान में सिलाई का प्रशिक्षण ले रही थी. मंगलवार को वह कुछ कपड़े कटिंग के लिए लेकर दुकान पर पहुंची थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई.
आरोप है कि गुस्से में टेलर ने युवती को थप्पड़ और धक्का दे दिया, जिससे वह गिर पड़ी और उसे चोटें आईं. घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. बताया जाता है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी टेलर ने दुकान का शटर गिरा लिया और अंदर ही खुद को बंद कर लिया. इस दौरान मकान मालिक ने भी टेलर का साथ देते हुए बाहर के गेट पर ताला लगा दिया.
सूचना पाकर परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने गेट खुलवाया और आरोपी टेलर को हिरासत में लेकर थाने ले गई.
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है और लोगों ने मांग की है कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए.
