
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में एक मामूली घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेख मोतीम निवासी गाड़ीवान पट्टी, किताडीह के लिखित आवेदन के आधार पर परसुडीह थाना में 9 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया है.
आरोप है कि वॉशिंग मशीन का पानी घर में घुस जाने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी मो. अकबर (उम्र 21 वर्ष), निवासी किताडीह तालाब बस्ती ने चापड़ से हमला कर शेख मोतीम को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की. अनुसंधान के क्रम में आरोपी मो. अकबर को गिरफ्तार कर लिया गया. साथ ही घटना में प्रयुक्त एक स्टील का चापड़ भी बरामद किया गया है, जो इस मामले में अहम साक्ष्य माना जा रहा है. गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है.
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया विधिसम्मत तरीके से पूरी की जाएगी.

