
उदित वाणी, बहरागोड़ा : राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित होटल ओम कृष्ण के समीप सुबह करीब 4 बजे एक अनियंत्रित कार (जेएच-10वीबी-9543) सड़क किनारे खड़े टैंकर (एनएल-01एई-3314) से पीछे से जा टकराई. इस दुर्घटना में कार सवार ईचड़ाशोल निवासी सौरभ मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहरागोड़ा निवासी दो युवक कार से पश्चिम बंगाल से अपने घर लौट रहे थे.

इसी दौरान सुबह के समय घना कोहरा होने के कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम थी. बताया जाता है कि चालक को सड़क किनारे खड़ा टैंकर दिखाई नहीं दिया और कार सीधे टैंकर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस ने दिखाई तत्परता घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सक्रियता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहरागोड़ा पहुंचाया.
घटना में घायल सौरभ नायक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि कार में बगल की सीट पर बैठे सौरभ मंडल की हालत गंभीर बनी हुई थी. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर कर दिया. परिजनों के अनुसार, बारीपदा में भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं होने और चोट की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा के लिए कटक रेफर कर दिया है.

