
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना अंतर्गत दाईगुट्टू कावेरी रोड और टीआरएफ के कर्मचारी 35 वर्षीय संजीत कुमार उपाध्याय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. परिवार का आरोप है कि दोस्तों ने उन्हें जहरीली शराब पिलाई, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना को लेकर मानगो थाना में मामला दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात संजीत अपने साथियों के साथ एक बर्थडे पार्टी में शामिल हुए थे. परिवार का कहना है कि पार्टी के दौरान संजीत को साथियों ने शराब पिलाई, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. हालत बिगड़ने पर दोस्तों ने संजीत के बड़े भाई को फोन कर सूचना दी. बड़े भाई मौके पर पहुंचे और संजीत को घर ले आए, जहां उन्हें कमरे में सुला दिया गया. उस समय उनकी पत्नी प्रियंका कुमारी अपने मायके गई हुई थीं.
रविवार की सुबह जब परिवारवालों ने संजीत को जगाने की कोशिश की, तो वे बेहोशी की हालत में मिले. घबराए परिजनों ने उन्हें तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी और बच्चे गहरे सदमे में हैं.
मृतक के परिजनों ने बताया कि संजीत बर्थडे पार्टी में अपने साथियों राहुल तिवारी, रमेश, तेज प्रताप सिंह, तेजू, मोहन सिंह, विजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, आकाश समेत अन्य युवकों के साथ गए थे. परिवार का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने पार्टी में उन्हें नशीला या जहरीला पेय पिलाया, जिससे उनकी मौत हुई. सबसे आश्चर्य की बात यह है कि घटना के बाद से सभी युवक फरार बताए जा रहे हैं और मानवीय दृष्टिकोण से परिजनों से मिलने तक नहीं आए.
परिजनों ने साफ तौर पर कहा है कि इस पूरे मामले में संजीत के दोस्तों की संलिप्तता है और पुलिस जल्द कार्रवाई करे. इधर पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करते हुए मामले की तफ्तीश तेज कर दी है. पुलिस फरार साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. इस मामले में बात सामने आयी है कि संजीत उपाध्याय के साथी राहुल तिवारी, रमेश, तेज प्रताप सिंह और तेजू, मोहन सिंह, विजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह और आकाश समेत अन्य युवकों के साथ बर्थडे पार्टी में गए थे.
संजीत की मौत से दाईगुट्टू इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं.

