उदित वाणी, पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर-कोवाली मुख्य पथ स्थित गारासाई में शनिवार अपराह्न दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतक की पहचान लुपुंग निवासी बिपिन मंडल के रूप में हुई है, जबकि घायल का नाम अमित सरदार बताया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, अमित सरदार हल्दीपोखर से हरिणा की ओर जा रहा था, वहीं बिपिन मंडल कोवाली की ओर से अपने घर लुपुंग लौट रहा था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और घटनास्थल घुमावदार होने के कारण दोनों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिपिन मंडल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव मौके पर पहुंचे और घायल अमित सरदार को गंभीर हालत में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा. वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया.


