
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में बिजली व्यवस्था को प्रभावित कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह का बर्मामाइंस पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब 70 किलो चोरी किया हुआ तांबे का क्वाइल बरामद किया है.
यह कार्रवाई टाटा स्टील यूआईएसएल के मैनेजर अजीत कुमार त्रिपाठी की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के बाद की गई. 18 फरवरी को दर्ज मामले में बताया गया था कि अज्ञात अपराधी शहर के विभिन्न इलाकों में लगे ट्रांसफार्मरों में आग लगाकर उनका तांबे का क्वाइल चोरी कर रहे थे, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा पैदा हो रहा था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के तीन सदस्यों -विनोद कर्मकार, अनिल दास उर्फ छोटा भकुआ और अजय मांझी उर्फ हबिबुल-को गिरफ्तार किया.
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 70 किलो चोरी किया हुआ ट्रांसफार्मर का तांबे का क्वाइल बरामद कर लिया. तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस पूरे गिरोह की पहचान और अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

