
उदित वाणी,चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देश पर सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, सदर चाईबासा का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजियों और अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया तथा उनके रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी सरकारी कार्यों और फाइलों का निष्पादन समय पर सुनिश्चित किया जाए तथा पंजियों का नियमित और अद्यतन संधारण किया जाए, ताकि कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यालय समय पर उपस्थित नहीं होने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को त्वरित और सुलभ सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर भूमि सुधार उपसमाहर्ता चाईबासा, कार्यपालक दंडाधिकारी सदर चाईबासा के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सदर चाईबासा भी उपस्थित रहे।

