
उदित वाणी, जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ऑर्थो ओपीडी कक्ष में अचानक एक जहरीला सांप निकल आया। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह सफाई के दौरान एक महिला सफाईकर्मी जैसे ही झाड़ू लगाने अंदर पहुंची, कमरे में पहले से मौजूद ‘चीती’ सांप फन उठाकर खड़ा हो गया। यह दृश्य देखकर घबराई सफाईकर्मी तुरंत वहां से भागकर सुरक्षाकर्मियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और अन्य कर्मचारियों की मदद से सांप को काबू में कर लिया। बाद में उसे सुरक्षित तरीके से अस्पताल परिसर से दूर एक नाले में छोड़ दिया गया। बताया जाता है कि अस्पताल के पीछे स्थित तालाब की वजह से बरसात के दिनों में अक्सर सांप परिसर में घुस आते हैं, जिससे मरीजों, डॉक्टरों और कर्मचारियों में डर का माहौल बना रहता है। हालांकि इस बार भीषण गर्मी और उमस के बीच सांप के ओपीडी तक पहुंचने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के बाद अस्पताल कर्मियों में दहशत व्याप्त है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

