
उदित वाणी,जमशेदपुर: ऑल इंडिया कन्वाई वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने महामंत्री जय नारायण सिंह के नेतृत्व में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक Purnima Sahu से मुलाकात कर कन्वाई क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा चालकों को गुमराह करने और प्रबंधन को ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है।
बिनोद कुमार सिंह पर लगे आरोप
यूनियन द्वारा सौंपे गए पत्र के अनुसार, बिनोद कुमार सिंह नामक व्यक्ति पर आरोप है कि वह कुछ कन्वाई चालकों को साथ लेकर पत्राचार के माध्यम से जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को गुमराह कर रहे हैं। यूनियन का दावा है कि उन्हें अधिकांश चालकों का समर्थन प्राप्त नहीं है।
यूनियन ने बताया वास्तविक स्थिति
पत्र में कहा गया है कि कन्वाई क्षेत्र में कुल लगभग 975 चालक कार्यरत हैं, जिनमें से मात्र 28 चालकों को न्यूनतम मजदूरी श्रेणी में रखा गया है। यूनियन के अनुसार, इन चालकों का नेतृत्व ऑल इंडिया कन्वाई वर्कर्स यूनियन कर रही है और अधिकांश चालक इसी यूनियन के साथ जुड़े हुए हैं।
प्रबंधन को ब्लैकमेल करने का आरोप
यूनियन ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति का मुख्य उद्देश्य जिला प्रशासन, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को गुमराह कर प्रबंधन पर दबाव बनाना और ब्लैकमेल करना है। साथ ही चालकों को भ्रमित कर उनसे चंदा वसूली करने की भी बात कही गई है।
विधायक से जांच और कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मांग की कि ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि कन्वाई क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रहे। यूनियन ने यह भी सुझाव दिया कि संबंधित व्यक्ति को सीमित संख्या में चालकों के साथ बुलाकर वास्तविक स्थिति की पुष्टि की जा सकती है।
विधायक ने दिया आश्वासन
विधायक पूर्णिमा साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक गतिविधि और अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

